MP Monsoon Update

मध्यप्रदेश में मानसून की दस्तक नजदीक… झमाझम बारिश का इंतजार खत्म!

Share Latest News On:

भोपाल/आई संवाद/ मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री अब बेहद नजदीक है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर सकता है। अनुमान है कि 16 से 17 जून के बीच मानसून मध्य प्रदेश में दस्तक देगा। फिलहाल प्रदेश के कई हिस्सों में तेज गर्मी, धूलभरी आंधी,तूफान और कहीं-कहीं बारिश का दौर जारी है।

कई जिलों में धूलभरी आंधी और बारिश का कहर
शुक्रवार को गुना, अशोकनगर समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। वहीं मुरैना में तेज आंधी के कारण कई पेड़ धराशायी हो गए, जबकि रतलाम में रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से रेल यातायात प्रभावित हुआ। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में 15 से 16 जून के बीच प्रदेश में इसकी एंट्री की संभावना प्रबल हो गई है।

इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, शाजापुर, राजगढ़, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, सीहोर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सतना, पन्ना, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट सहित कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

ये भी पढ़ें – राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने डीनर पॉलिटिक्स के जरिए बनाई रणनीति.. विधायकों की बेंगलुरु में बाड़ाबंदी!

गर्मी का प्रकोप अभी भी जारी
मानसून की आहट के बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी बनी हुई है। शुक्रवार को खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर में 44.5 डिग्री, नर्मदापुरम में 44.4 डिग्री और नौगांव में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

कई जिलों का तापमान
राजधानी भोपाल में पारा 40 डिग्री, इंदौर में 38.2 डिग्री, उज्जैन में 41.8 डिग्री और जबलपुर में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रीवा, सतना, शिवपुरी, सागर, रतलाम, खरगोन, खंडवा और अन्य कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा।

समय से पहले आया मानसून, फिर थम गई गति
इस वर्ष मानसून ने देश में सामान्य समय से करीब 8 दिन पहले दस्तक दी थी। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में भी यह तय तारीख से पहले पहुंच गया था। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही थी कि जून के पहले सप्ताह में ही मानसून मध्य प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा, लेकिन महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ क्षेत्र में लगभग दो सप्ताह तक इसकी गति धीमी पड़ गई।

ये भी पढ़ें – राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस को लगा बड़ा झटका… वरिष्ठ नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने छोड़ी पार्टी

मानसून ने दोबारा पकड़ी रफ्तार
अब मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद मानसून ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। इसी कारण मौसम विभाग को उम्मीद है कि यह 15 से 16 जून के आसपास मध्य प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा। गौरतलब है कि प्रदेश में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 15 जून मानी जाती है, जबकि पिछले वर्ष यह 21 जून को पहुंचा था।

500 किलोमीटर दूर मानसून, जल्द मिलेगी गर्मी से निजात
मौसम विभाग के अनुसार मानसून फिलहाल मध्य प्रदेश की सीमा से लगभग 500 किलोमीटर दूर है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। यदि इसकी वर्तमान गति बनी रही तो प्रदेशवासियों को अगले सप्ताह से झमाझम बारिश का आनंद मिलने लगेगा और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

राज्यसभा चुनाव: तीसरी सीट को लेकर सियासत तेज, जीतू पटवारी ने भाजपा को दी चेतावनी!