indore-stray-dog-attack

इंदौर में नही कम हो रहा कुतों का आतंक… डॉक्टर समेत 40 से ज्यादा लोगों को काटा!

Share Latest News On:

इंदौर/आई संवाद/ इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक आवारा कुत्ते के हमले की एक बड़ी घटना सामने आई, जिसमें डॉक्टरों सहित 40 से अधिक लोग घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 9 बजे से शुरू होकर शाम लगभग 6 बजे तक अलग-अलग स्थानों पर लगातार जारी रही, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

हॉस्पिटल परिसर में मौजूद 16 लोगों को बनाया शिकार
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले यह कुत्ता अरविंदो हॉस्पिटल परिसर में घुसा और वहां मौजूद लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। यहां उसने करीब 16 लोगों को काट लिया, जिनमें दो डॉक्टर, कई महिलाएं और पुरुष शामिल थे। अचानक हुए इस हमले से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, और लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

कई स्थानीय लोगों को काटकर किया घायल
इसके बाद कुत्ता अस्पताल से बाहर निकलकर बरदारी गांव और रेवती रेंज क्षेत्र की ओर गया, जहां उसने राह चलते वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को निशाना बनाया। यहां भी कई लोग उसके हमले का शिकार हुए। शाम होते-होते यह कुत्ता रेनेसॉ कॉलेज परिसर तक पहुंच गया और वहां भी उसने कई लोगों को काटकर घायल कर दिया।

ये भी पढ़ें – 12 साल की बच्ची से 78 साल का बुजुर्ग करता था छेड़छाड़… कोर्ट से सुनाई 5 साल की सजा!

सूचना देने पर भी नहीं पहुंची रेस्क्यू टीम
घायलों को तुरंत इलाज के लिए अरविंदो हॉस्पिटल और आसपास के निजी क्लीनिकों में ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना इंदौर नगर निगम को दी, लेकिन आरोप है कि समय पर रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थिति और बिगड़ती चली गई। बाद में, क्षेत्रीय लोगों ने मिलकर स्थिति को संभालने की कोशिश की, जिसके बाद कुत्ता वहां से गायब हो गया।

रेस्क्यू टीम देती रही व्यस्तता का हवाला
अरविंदो हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. नीरज सेन ने बताया कि अस्पताल में लगातार कुत्ते द्वारा लोगों को काटे जाने की सूचना दी गई थी, और नगर निगम कंट्रोल रूम को कई बार संपर्क किया गया, लेकिन रेस्क्यू टीम की व्यस्तता का हवाला देकर देरी की जाती रही। उनका कहना है कि अगर समय पर कार्रवाई होती तो इतने लोग घायल नहीं होते।

इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और नगर निगम की लापरवाही को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, शहर में पिछले कुछ समय से कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Indore Special News: भिया इंदौर में ये क्या हो रिया है… ‘अधूरा नहीं चलेगा’?