भोपाल/आई संवाद/ मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। एक ओर भाजपा अपने दोनों उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस में उम्मीदवार चयन को लेकर उभरी नाराजगी ने राजनीतिक चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है। इस बीच प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के एक बयान ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है।
तीसरे उम्मीद्वार की सुगबुगाहट
कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया है कि यदि आवश्यकता पड़ी तो भाजपा तीसरा उम्मीदवार भी मैदान में उतार सकती है और उसे विजयी बनाने का सामर्थ्य भी रखती है। उनका यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया है और पार्टी के भीतर इस फैसले को लेकर असंतोष की आवाजें सुनाई दे रही हैं।
ये भी पढ़ें – बीजेपी के राज्यसभा कैंडिडेट्स पर कैलाश विजयवर्गीय ने दिया बयान… खुलकर रखी दिल की बात!
कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग का डर
उधर कांग्रेस में मीनाक्षी नटराजन की उम्मीदवारी को लेकर कुछ वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी पार्टी नेतृत्व के लिए चुनौती बनती दिखाई दे रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह असंतोष दूर नहीं हुआ तो मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं पर भी चर्चा तेज हो सकती है। भाजपा भी कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है।
कैलाश विजयवर्गीय का बयान बेहद खास
इंदौर में भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पार्टी ने जिन नेताओं को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है, उन्होंने लंबे समय तक संगठन के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने दोनों सीटों पर भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए यहां तक कहा कि पार्टी तीसरी सीट पर भी जीत दर्ज करने की क्षमता रखती है।
एमपी बीजेपी को जल्द मिल सकता है नया संगठन महामंत्री… संघ के कई प्रचारक रेस में शामिल!











