भोपाल/आई संवाद/ भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा की रिक्त होने वाली दो सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ तथा प्रदेश भाजपा मंत्री रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद दोनों नेताओं का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। मध्यप्रदेश विधानसभा में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण राज्यसभा की दोनों सीटें पार्टी के खाते में जाने की संभावना है। ऐसे में यह चुनाव औपचारिकता भर माना जा रहा है।
संगठन के मजबूत रणनीतिकार हैं तरुण चुघ
तरुण चुघ वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। संगठन में उनकी पहचान एक कुशल रणनीतिकार और प्रभावी प्रबंधक के रूप में है। पंजाब से आने वाले चुघ लंबे समय से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ काम कर रहे हैं और विभिन्न राज्यों में संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। मध्यप्रदेश की संगठनात्मक गतिविधियों से भी उनका समय-समय पर जुड़ाव रहा है।
ये भी पढ़ें – एमपी के पूर्व राज्यमंत्री, भाजपा नेता के घर चोरों का धावा… बदमाशों में खाकी का खौफ खत्म!
रजनीश अग्रवाल को संगठनात्मक योगदान का मिला सम्मान
भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल भी पार्टी के अनुभवी संगठनात्मक नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने लंबे समय तक संगठन विस्तार, चुनावी प्रबंधन और कार्यकर्ताओं के समन्वय में सक्रिय भूमिका निभाई है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा का उम्मीदवार बनाकर उनके संगठनात्मक योगदान को महत्व दिया है।
संगठन को प्राथमिकता देने का संदेश
राज्यसभा चुनाव को लेकर पिछले कुछ समय से कई नामों पर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन भाजपा ने अंततः ऐसे नेताओं को मौका दिया है जिनकी पहचान संगठन के भरोसेमंद और सक्रिय चेहरों के रूप में रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन नामों के चयन के जरिए भाजपा ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि संगठन में लंबे समय से काम कर रहे नेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। आगामी चुनावों और राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक मजबूती के दृष्टिकोण से भी यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ईरान के हमले में उज्जैन के व्यक्ति की मौत… भांजी की शादी में आने वाले थे मध्यप्रदेश!









