इंदौर/आई संवाद/ इंदौर शहर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवक को कार से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने वार्ड क्रमांक-65 के एक भाजपा पार्षद के बेटे पर वाहन चलाने का आरोप लगाया है। साथ ही परिवार ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद समय पर एफआईआर दर्ज नहीं करने और राजनीतिक दबाव में कार्रवाई से बचने के आरोप भी लगाए हैं। परिजनों के अनुसार, 1 जून 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे खातीवाला टैंक क्षेत्र में कार क्रमांक MP-13 AH-0414 ने कृष्णा यवत रामानी नामक नाबालिग को टक्कर मार दी। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार का दावा है कि दुर्घटना के समय वाहन भाजपा पार्षद का बेटा चला रहा था।
गंभीर चोटें, पैर में डालनी पड़ीं तीन रॉड
हादसे के बाद घायल किशोर को उपचार के लिए एवीपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पैर में तीन रॉड डालीं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी और उपचार के बाद जल्दबाजी में युवक को डिस्चार्ज कर दिया। परिवार ने बताया कि घायल किशोर के पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उसकी मां लंबे समय से पैरालिसिस से पीड़ित हैं। ऐसे में परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है।
ये भी पढ़ें – नर्मदा पाइपलाइन फूटने से लाखों गैलन पानी बर्बाद… इंदौर की जलापूर्ति पर संकट गहराया!
समझौते और आर्थिक मदद की बात का दावा
पीड़ित परिवार का कहना है कि मामले से जुड़ी कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास हैं। उनके मुताबिक शुरुआत में यह कहा गया कि घटना के समय आरोपी वाहन में मौजूद नहीं था, लेकिन बाद में समझौते और आर्थिक सहायता को लेकर बातचीत की गई। हालांकि इन कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप
परिजनों का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर जूनी इंदौर थाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें घायल युवक या किसी प्रत्यक्षदर्शी को साथ लाने की बात कहकर वापस भेज दिया। परिवार का दावा है कि उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई और केवल रोजनामचा में एंट्री कर उन्हें लौटा दिया गया। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं पीड़ित परिवार निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
इंदौर के प्रसिद्ध भूतनाथ बाबा मंदिर पर भूमाफियाओं की नजर… भक्तों ने लगाया गंभीर आरोप!










