आवंतिका गैस लिमिटेड एवं आईटीआई इंदौर के संयुक्त प्रयास से 80 छात्रों को मिला रोजगार

Share Latest News On:

आवंतिका गैस लिमिटेड एवं आईटीआई इंदौर के संयुक्त प्रयास से 80 छात्रों को मिला रोजगार

इंदौर, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अभिनव पहल के तहत पीएनजी कनेक्शन वितरण में तेजी लाने एवं स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवंतिका गैस लिमिटेड और आईटीआई इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आईटीआई के छात्रों को आवंतिका गैस लिमिटेड के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करना तथा गैस सेक्टर में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से अवगत कराना था।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एम.एल. मारू ने बताया कि कार्यक्रम में आईटीआई इंदौर के लगभग 150 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों ने छात्रों को गैस क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार अवसरों, कार्य की प्रकृति एवं करियर विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा द्वारा पीएनजी कनेक्शन की प्रक्रिया को तेज करने हेतु अतिरिक्त टीम लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में ही लगभग 80 छात्रों ने आवंतिका गैस लिमिटेड के साथ कार्य करने हेतु अपनी सहमति प्रदान की, जो इस पहल की सफलता को दर्शाता है।
यदि कोई आईटीआई पासआउट अभ्यर्थी आवंतिका गैस लिमिटेड में कार्य करने का इच्छुक है, तो वह कंपनी के दूरभाष क्रमांक 0731-4222520 पर संपर्क कर सकता है।
आवंतिका गैस लिमिटेड एवं आईटीआई इंदौर द्वारा इस प्रकार के संयुक्त प्रयास भविष्य में भी जारी रखे जाएंगे, जिससे छात्रों को बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त होंगे तथा उद्योग को प्रशिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *