भोपाल। मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए चार नई सीधी उड़ान सेवाएं शुरू की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजा भोज एयरपोर्ट से भोपाल-रीवा की पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता हवाई सेवाएं भी शुरू होंगी। इनका संचालन अलायंस एयर करेगी।
इन सेवाओं को मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत राज्य सरकार की वित्तीय सहायता मिलेगी। प्रत्येक राउंड ट्रिप पर 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग का प्रावधान है। नई उड़ानों से भोपाल और विंध्य क्षेत्र के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा, वहीं रीवा और जबलपुर से कोलकाता की कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
नीति के तहत अब तक आठ नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए गए हैं। इनमें रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी की सेवाएं पहले शुरू हो चुकी हैं। नई उड़ानों से पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।









