धार। बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास रविवार दोपहर करीब 1 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद गुजरात लौट रहे युवकों की ईको वैन को सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रॉले ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बताया जा रहा है कि ट्रॉला गलत दिशा से तेज गति में आ रहा था और इसी दौरान सामने से गुजर रही ईको वैन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रॉले को कब्जे में लेकर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रॉले के रॉन्ग साइड आने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।









