इंदौर/आई संवाद/ इंदौर के रेल यात्रियों को जल्द ही यात्रा व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इंदौर जंक्शन के व्यापक पुनर्विकास और आधुनिक स्टेशन भवन निर्माण परियोजना को गति देने के लिए रेलवे ने संचालन व्यवस्था में बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत आने वाले समय में ट्रेनों का संचालन चरणबद्ध तरीके से लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से किया जाएगा।
लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन की नई इमारत तैयार
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन की नई यात्री सुविधायुक्त इमारत लगभग तैयार हो चुकी है। स्टेशन पर टिकट बुकिंग काउंटर, प्रतीक्षालय, यात्री सूचना प्रणाली सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि संचालन शुरू होने पर यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यार्ड में जारी है तकनीकी उन्नयन
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इंदौर यार्ड क्षेत्र में वर्तमान में नॉन-इंटरलॉकिंग सहित कई महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य किए जा रहे हैं। इसके लिए विशेष ब्लॉक लिया गया है, जिसके चलते कुछ ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ था। इस प्रक्रिया के तहत ट्रैक सर्किट, सिग्नलिंग नेटवर्क और कंप्यूटर आधारित ऑपरेशन कंट्रोल सिस्टम को नए ढांचे के अनुरूप स्थानांतरित किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें – 80 रुपये किलो हुआ टमाटर… जानिये आखिर क्या है इसका कारण!
वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी निगरानी
पूरे शिफ्टिंग और तकनीकी उन्नयन कार्य की निगरानी रेलवे के जोनल और मंडल स्तर के वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि सभी कार्य निर्धारित सुरक्षा मानकों और तकनीकी प्रोटोकॉल के तहत किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में संचालन पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रहे।
लक्ष्मीबाई नगर बनेगा अस्थायी संचालन केंद्र
तकनीकी कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रेनों का संचालन लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही इंदौर जंक्शन पर विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त नए स्टेशन के निर्माण कार्य को और गति मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन के प्रस्थान स्टेशन और समय की जानकारी अवश्य जांच लें, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।










