रतलाम/आई संवाद/ रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में पंचेड़ रोड स्थित तुलसी वाटर पार्क परिसर में संचालित एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। दबिश के दौरान अलग-अलग कमरों से तीन विदेशी युवतियां और कुछ युवक मिले। मौके से कुछ आपत्तिजनक एवं संदिग्ध सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस देह व्यापार सहित अन्य अवैध गतिविधियों के एंगल से मामले की जांच कर रही है।
सूचना के बाद गठित की गई विशेष टीम
पुलिस को लंबे समय से स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में विशेष जांच दल बनाया गया। एएसपी विवेक कुमार, सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल तथा डीएसपी अनिशा जैन के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा गया। प्रारंभिक पुष्टि होने के बाद टीम ने मौके पर छापेमार कार्रवाई की।
तीन विदेशी युवतियां मिलीं, वीजा दस्तावेजों की जांच जारी
कार्रवाई के दौरान थाईलैंड की तीन युवतियों को हिरासत में लिया गया। जांच में पता चला कि उनमें से एक का वीजा अवधि समाप्त हो चुकी है, जबकि अन्य दो अलग-अलग प्रकार के वीजा पर भारत आई थीं। पुलिस उनके यात्रा दस्तावेजों और यहां रहने के उद्देश्य की विस्तृत पड़ताल कर रही है।
स्थानीय प्रशासन को नहीं थी जानकारी
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विदेशी नागरिकों के यहां निवास और कार्य से संबंधित आवश्यक जानकारी संबंधित विभागों तक नहीं पहुंचाई गई थी। इससे पूरे संचालन की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ये भी पढ़ें – एमपी के पूर्व राज्यमंत्री, भाजपा नेता के घर चोरों का धावा… बदमाशों में खाकी का खौफ खत्म!
संचालकों और कर्मचारियों से पूछताछ
पुलिस स्पा सेंटर के मैनेजर दिलीप ठाकुर तथा गुमाश्ता लाइसेंसधारी नरेश चौहान से पूछताछ कर रही है। साथ ही वाटर पार्क संचालक योगेश सिंह डाबी को भी जांच के दायरे में लिया गया है। स्पा संचालन से जुड़े दस्तावेज, लाइसेंस और कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है।
डिजिटल रिकॉर्ड की होगी जांच
जांच एजेंसियां अब मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड खंगालेंगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विदेशी युवतियों को यहां तक कौन लेकर आया, उनकी नियुक्ति किसके माध्यम से हुई और इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका है।
ये भी पढ़ें – मूक बधिर बच्ची के साथ दुष्कर्म की कायराना हरकत… सलाखों के पीछे मासूम का रिश्तेदार!
एजेंटों और संभावित नेटवर्क पर नजर
पुलिस की जांच उन एजेंटों और संपर्क सूत्रों तक भी पहुंचने पर केंद्रित है, जिन्होंने विदेशी युवतियों को यहां लाने में मदद की हो सकती है। मानव तस्करी, अवैध रोजगार और वीजा नियमों के उल्लंघन समेत विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है।
हर पहलू से की जाएगी पड़ताल
एसपी अमित कुमार के अनुसार हिरासत में ली गई तीनों विदेशी युवतियों से पूछताछ जारी है। बरामद दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह जानने में जुटी है कि युवतियां यहां किस उद्देश्य से आई थीं और इस पूरे प्रकरण में किन लोगों की संलिप्तता है।
हनीट्रैप गर्ल निकली HIV पॉजिटिव… कई नामी लोगों से संबंध बनाने के मोबाइल में मिले वीडियो









