भोपाल/आई संवाद/ मध्यप्रदेश की सियासत में 1 और 2 जून का दिन बेहद ही खास था, इस दिन सीएम डॉ. मोहन यादव से पहले पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मुलाकात की, उसके बाद अगले दिन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुलाकात कर चर्चा की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीर को भी साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद हुआ। इस तरह एक के बाद दो दिग्गजों का सीएम डॉ. मोहन यादव से मिलना प्रदेश में नए सियासी समीकरणों को जन्म देता नजर आ रहा है।
राज्यसभा चुनाव और दतिया उपचुनाव की आहट
मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों पर चुनाव होना है, जिसकी तारीखों का ऐलान हो चुका है, ऐसे में दोनों ही दलों के नेताओं के बीच प्रत्याशियों को लेकर मंथन जारी है। साथ ही प्रदेश में दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद से अटकलें लगाई जा रही है कि जल्द ही उपचुनाव की तारीख का ऐलान हो जाएगा। ऐसे में दतिया विधानसभा सीट के प्रबल दावेदार पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर चर्चा की। इसी बीच खास बात यह रही कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा के जाने के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंच गए। जिसे आगामी सियासी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें – राज्यसभा के लिए बीजेपी के संभावित उम्मीद्वारों की लिस्ट… संघ की पसंद भी साझा!
दतिया से डॉ. नरोत्तम मिश्रा की उम्मीद्वारी लगभग तय
दतिया विधानसभा सीट से पिछली बार हार का मुंह देखने वाले पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की उम्मीद्वारी उपचुनाव होने की स्थिति में तय मानी जा रही है, लेकिन राजनीतिक पंडितों के अनुसार बीजेपी हर चुनाव में अंदरूनी सर्वे और संघ की राय के आधार पर रणनीति बनाती है, इसी के तहत डॉ. नरोत्तम मिश्रा की सीएम से मुलाकात को बेहद ही खास माना जा रहा है। वहीं फिलहाल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। जिसको लेकर आने वाले वक्त में पार्टी आलाकमान के इशारे पर सबकी नजर होगी।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन शुरू
मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरु हो चुकी है, हालांकि अब तक एक भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। राज्यसभा चुनाव के लिए मध्यप्रदेश विधानसभा सचिवालय के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा को रिटर्निंग ऑफिसर और अपर सचिव उमेश कुमार शर्मा को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है, जोकि दो दिन सुबह 11 बजे से 3 बजे तक बैठे रहे, लेकिन किसी भी उम्मीद्वार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है। जरूरत पडने पर 18 जून को मतदान कराया जाएगा।
बीजेपी संगठन का बड़ा केंद्र बनेगा भोपाल… 5 राज्यों की राजधानी से होगी मॉनिटरिंग









