ग्रामीण हाट बाजार में दो दिवसीय होली मेले का हुआ शुभारंभ

Share Latest News On:

ग्रामीण हाट बाजार में दो दिवसीय होली मेले का हुआ शुभारंभ

इंदौर जिला पंचायत अंतर्गत ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय होली मेले का शुभारंभ आज उत्साह एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना सतीश मालवीय एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना सतीश मालवीय ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के मेले न केवल उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराते हैं, बल्कि उनकी प्रतिभा और परिश्रम को भी पहचान दिलाते हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन ने कहा कि होली मेला महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आय में वृद्धि करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी स्व-सहायता समूहों को गुणवत्ता एवं नवाचार पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी, ताकि उनके उत्पाद व्यापक बाजार तक पहुंच सकें।
मेले में विभिन्न स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित प्राकृतिक रंगों के हर्बल गुलाल, होली पूजन सामग्री, ठंडाई, हस्तनिर्मित वस्त्र, सजावटी सामग्री, पारंपरिक व्यंजन एवं अन्य स्थानीय उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी एवं बिक्री की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में आमजन ने मेले में पहुंचकर महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की खरीदारी की और उनकी सराहना की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। यह मेला आगामी एक मार्च को भी आमजन के लिए खुला रहेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *