BJP Leaders Clash

बीजेपी के महामंत्री ने पूर्व मंत्री के भाई पर बरसाए जमकर थप्पड़.. लात-घूसों के साथ जमकर मारपीट!

Share Latest News On:

मैहर/आई संवाद/ मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के भीतर गुटबाजी और आपसी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आई है। मैहर जिले में आयोजित ‘भाजपा सरकार के 12 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के दौरान मंच पर ही दो नेताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

बीजेपी के सरकार के 12 वर्ष हुए पूरे
जानकारी के मुताबिक, 12 जून को मैहर जिले के ताला मंडल में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल के भाई विजय पटेल और भाजपा मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

ये भी पढ़ें – राहुल गांधी को शिवराज ने दी जन्मदिन की बधाई… राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज!

बीजेपी महामंत्री ने पूर्व मंत्री के भाई को मारा थप्पड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद कुछ ही देर में उग्र हो गया और मंच पर मौजूद दोनों नेताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आरोप है कि मनीष चतुर्वेदी ने विजय पटेल को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई और लात-घूंसे चले। मौके पर मौजूद अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

सांसद, पूर्व मंत्री भी मंच पर थे मौजूद
सबसे हैरानी की बात यह रही कि जिस समय यह विवाद हुआ, उस दौरान मंच पर सतना सांसद गणेश सिंह और पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद थे। नेताओं की मौजूदगी में हुई इस घटना से कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्ता और आमजन भी अचंभित रह गए।

ये भी पढ़ें – उज्जैन में महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज की कार पर पथराव… कहा – भू-समाधि लेने पर होऊंगा मजबूर!

घटना के एक सप्ताह बाद वीडियो वायरल
घटना के करीब एक सप्ताह बाद हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के प्रसारित होने के बाद भाजपा के अंदर अनुशासन और संगठनात्मक व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इस मामले में पार्टी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।