शहडोल/आई संवाद/ शहडोल में सोशल मीडिया पर ट्रैफिक नियमों को लेकर जागरूकता फैलाने वाले वीडियो के लिए चर्चित हेड कांस्टेबल विवेकानंद तिवारी को पुलिस विभाग ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई शहडोल एसपी राम जी श्रीवास्तव द्वारा की गई है, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है। विवेकानंद तिवारी फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर ‘ट्रैफिक कॉप’ के नाम से काफी लोकप्रिय हैं और उनके लाखों-करोड़ों फॉलोअर्स हैं।
बिना सूचना के ड्यूटी से पाए गए अनुपस्थित
जारी निलंबन आदेश के अनुसार हेड कांस्टेबल 19 मई 2026 से लगातार बिना किसी सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस अवधि के दौरान उनके द्वारा अलग-अलग स्थानों पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने की बात भी सामने आई है। आदेश में यह उल्लेख किया गया है कि यह गतिविधियां व्यक्तिगत लाभ और प्रचार से जुड़ी थीं, जो पुलिस सेवा नियमों, विशेष रूप से पुलिस रेगुलेशन 64 का उल्लंघन मानी गई हैं। इन्हीं आधारों पर उन्हें कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र शहडोल भेज दिया गया।
सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं
इस कार्रवाई के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने इसे विभागीय नियमों के तहत सही कदम बताया, जबकि कुछ ने इसे अनुचित करार दिया। पूरे दिन विभिन्न प्लेटफॉर्म पर इस मामले को लेकर चर्चाएं और बहस जारी रही। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शहडोल एसपी राम जी श्रीवास्तव ने अपने एक्स (X) हैंडल पर स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई शासकीय ड्यूटी से लंबे समय तक बिना सूचना अनुपस्थित रहने और व्यक्तिगत लाभ के लिए वीडियो बनाने के कारण की गई है।
ये भी पढ़ें – मध्यप्रदेश के कर्मचारी हो जाएं चौकन्ने… 38 हजार कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड खंगाले जाएंगे!
मानसिक तनाव समस्या से जूझ रहे ‘ट्रैफिक कॉप’
वहीं दूसरी ओर, हेड कांस्टेबल विवेकानंद तिवारी ने फेसबुक पर अपनी बात रखते हुए कहा कि वे पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव, घबराहट और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया और इसकी सूचना विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की थी, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी भी जुड़े हुए थे। उन्होंने मेडिकल दस्तावेज भी साझा करते हुए कहा कि वे बिना सूचना अनुपस्थित नहीं थे।
सोशल मीडिया पर प्रसिद्ध है विवेकानंद तिवारी
विवेकानंद तिवारी सोशल मीडिया पर ‘ट्रैफिक कॉप’ के नाम से काफी प्रसिद्ध हैं और यूट्यूब, फेसबुक तथा इंस्टाग्राम पर उनकी मजबूत उपस्थिति है। उनकी लोकप्रियता के चलते यह मामला स्थानीय स्तर के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि विभागीय जांच और आगे की कार्रवाई इस मामले में क्या रुख अपनाती है।
Indore Special News: भिया इंदौर में ये क्या हो रिया है… ‘अधूरा नहीं चलेगा’?









