भोपाल/आई संवाद/ मध्यप्रदेश में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें चल रही है, ऐसे में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं, वे भोपाल में दो दिन तक मंत्रियों के साथ वन-टू-वन संवाद करेंगे। बैठक के दौरान मंत्रियों के कामकाज और संगठनात्मक गतिविधियों का फीडबैक लिया जाएगा। जिसमें बीजेपी के आला नेताओं के मौजूद रहने के कारण बैठक हाईप्रोफाइल हो चुकी है।
संगठन पदाधिकारियों की रहेगी मौजूदगी
सूत्रों के मुताबिक, 17 और 18 मई को दो दिन तक सीएम हाउस में मंत्रियों के साथ वन-टू-वन चर्चा की जाएगी। इन बैठकों के जरिए मंत्रियों के विभागीय कामकाज, संगठन स्तर पर उनकी वर्तमान भूमिका और उनके विभाग की योजनाओं की धरातल पर स्थिति के बारे में जानकारी ली जाएगी। जानकारी के अनुसार इन वन-टू-वन बैठकों में राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मौजूद रहेंगे।
मंत्रियों से चर्चा का खाका तैयार
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मंत्रियों से चर्चा के लिए 12 अहम बिंदु तैयार किए गए हैं, जिसके आधार पर ही उनके कामकाज की समीक्षा की जाएगी। इसमें सरकारी योजनाओं की प्रगति, जमीन पर उनके कामकाज की निगरानी, संगठन के साथ तालमेल, गृह और प्रभार वाले जिलों में कार्यकर्ताओं से संपर्क और चुनाव में कमजोर रही सीटों पर किए गए प्रयासों की समीक्षा शामिल की गई है।
एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार की कयासबाजी तेज… ‘शाह’ से मिले ‘मोहन’
‘शाह’ से मुलाकात का असर?
कुछ दिन पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी, जिसके बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल के कयास लगाए जाने लगे थे, आई संवाद ने भी खबर को प्रकाशित किया था, वहीं अब मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा के बाद खबर को और भी बल मिला है। फिलहाल कैबिनेट में चार पद खाली हैं और माना जा रहा है कि कामकाज और प्रदर्शन के आधार पर कुछ नए चेहरों को मौका मिल सकता है।
‘मामा’ से ‘लेखक’ बने शिवराज सिंह चौहान… पीएम मोदी के साथ संस्मरण किए साझा









